हर्षोल्लास मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह,प्रभारी मंत्री, निशांत ने किया धजारोहण

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

डॉo संजय (हाजीपुर)- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय अक्षयवट राय स्टेडियम में जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा भव्य, गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, वैशाली, निशांत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता, जनभागीदारी एवं समावेशी विकास को वैशाली की मूल शक्ति बताया।

समारोह में हाजीपुर विधायक, अवधेश सिंह, राजापाकर विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक, वैशाली, शुभांक मिश्रा (भा.पु.से.) सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, पदाधिकारी-कर्मी, स्वतंत्रता सेनानी, शहीद परिवारों एवं सैन्य परिवारों के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

- Sponsored Ads-

ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस बल एवं विभिन्न टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। राष्ट्रगान के दौरान पूरा स्टेडियम राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत रहा।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री , निशांत ने कहा कि वैशाली का गौरवशाली इतिहास हमें लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और जनभागीदारी की प्रेरणा देता है। विकास का लक्ष्य तभी सार्थक है जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना, स्वच्छता, पर्यावरण, आपदा प्रबंधन एवं सुशासन के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, सुरक्षित एवं समृद्ध वैशाली के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री, निशांत ने ‘वैशाली पथ प्रहरी ऐप’ का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन की यह डिजिटल पहल सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, सड़क संबंधी समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेने, उनके समयबद्ध समाधान तथा नागरिकों की सक्रिय जनभागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल के माध्यम से सड़क से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया है।

समारोह के दौरान पात्र भूमिहीन परिवारों के बीच वासगीत पर्चा का वितरण किया गया। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवासीय भूमि से संबंधित अधिकार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को मजबूती मिली।
समारोह में चयनित महिला पर्यवेक्षिकाओं को चयन पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के परिजनों तथा सैन्य सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई तथा उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में समाज एवं जिले के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों एवं संस्थाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण, पक्षी संरक्षण एवं जागरूकता, आपदा प्रबंधन, जनसेवा, जीविका एवं सामुदायिक सेवा, विद्यालयी पोषण व्यवस्था, खेल, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय एड्स एवं एस.टी.डी. कार्यक्रम तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं एवं बैंक को भी सम्मानित किया गया। वहीं जिले के व्यवसायियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भामाशाह सम्मान के अंतर्गत सम्मान राशि प्रदान की गई।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के महादलित टोले में पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान हुआ। महादलित टोलों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों की राष्ट्रीय पर्व में भागीदारी सुनिश्चित की गई।

मुख्य समारोह के साथ-साथ जिले के सभी प्रखंडों, नगर निकायों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान का आयोजन किया गया।

समाहर्त्ता आवास, समाहरणालय परिसर, जिला परिषद, डीआरडीए/विकास भवन, पुलिस केन्द्र, गृह रक्षा वाहिनी परिसर तथा नगर परिषद क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। विद्यालयों में प्रभात फेरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता पाठ सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पर्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाया।

‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भी व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली। लोगों ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस को जन-जन का उत्सव बनाने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के माध्यम से जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर जवानों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनभागीदारी की भावना के साथ विकसित, सशक्त, स्वच्छ एवं समृद्ध वैशाली के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वैशाली का गौरवशाली इतिहास हमें यह संदेश देता है कि लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और जनभागीदारी हमारी मूल शक्ति हैं। आज हमारा लक्ष्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि ऐसा समावेशी विकास सुनिश्चित करना है जिसमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

इस स्वतंत्रता दिवस पर जिला प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से आह्वान किया गया कि सभी मिलकर विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, सुरक्षित एवं समृद्ध वैशाली के निर्माण का संकल्प लें और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत को साकार करने में अपना योगदान दें।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment