डॉo संजय (हाजीपुर)- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी,वैशाली, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में बिहार शिक्षा परियोजना,वैशाली के तत्वावधान में बिहार सुधारात्मक प्रशासनिक संस्थान, हाजीपुर में संध्याकालीन जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने किया। इस अवसर पर जिले के 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति,राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही शिक्षक-शिक्षिकाओं की सुरीली देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा और पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया। देशभक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में एलएनएम उच्च विद्यालय, भगवानपुर द्वारा ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ समूह गायन, राज्य सम्पोषित बालिका उच्च विद्यालय, हाजीपुर द्वारा ‘जय तू जय भारतम्’ समूह नृत्य, वैशाली हाई स्कूल, महुआ द्वारा ‘हेरी सखी मंगल गावरी’ एकल नृत्य तथा बीपीएसए हसनपुर, महनार द्वारा ‘शहादत’ नाटक प्रस्तुत किया गया।
इसी क्रम में जेटी हाई स्कूल, बरूआ बहुआरा, हाजीपुर द्वारा ‘कृष्ण रास लीला’ समूह नृत्य, राज किशोर उच्च विद्यालय, युसुफपुर, हाजीपुर द्वारा ‘सुनो साथियों’ समूह गायन तथा जीए हाई स्कूल, भगवानपुर द्वारा नाटक की प्रस्तुति दी गई।
केजीबीभी भगवानपुर की छात्राओं ने ‘बेटी हूँ मैं बेटी’ समूह नृत्य, उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेनहा, हाजीपुर द्वारा ‘हमर देशवा सोनवाँ के चिड़ियाँ’ समूह गायन तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय, काशीपुर चकबीबी, हाजीपुर द्वारा ‘झाँसी की रानी’ नाटक प्रस्तुत किया गया।
वहीं, डॉ. बी.आर. अम्बेडकर आवासीय विद्यालय, हाजीपुर के छात्र-छात्राओं ने ‘बड़ा नीक लागे देशवाँ के माटी’ समूह नृत्य, जवाहर नवोदय विद्यालय, वफापुर शर्मा, वैशाली द्वारा ‘तेरा हिमालय आकाश चूमे’ समूह नृत्य तथा राज्य सम्पोषित बालिका उच्च विद्यालय, हाजीपुर द्वारा ‘माईम’ नाटक प्रस्तुत किया गया।
इसके अतिरिक्त गांधी विद्या मंदिर, तिसिऔता, पातेपुर द्वारा ‘जय हो’ समूह नृत्य तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय, किरतपुर राजाराम, भगवानपुर द्वारा ‘जलवा तेरा जलवा’ समूह नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
सभी प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं की सुमधुर देशभक्ति प्रस्तुतियों से बीका परिसर भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजता रहा तथा स्वतंत्रता दिवस की सांस्कृतिक संध्या देशभक्ति के रंगों से सराबोर हो उठी।
इस अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 12 अगस्त 2026 को जीए इंटर विद्यालय, हाजीपुर में आयोजित जिला स्तरीय पेंटिंग, क्विज, निबंध, रंगोली एवं संगोष्ठी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 19 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
सम्मानित प्रतिभागियों में रंगोली प्रतियोगिता के 6, पेंटिंग के 3, निबंध के 3, क्विज के 4 तथा संगोष्ठी प्रतियोगिता के 3 प्रतिभागी शामिल रहे।
जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को स्मरण करने का अवसर है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय मूल्यों और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को उचित मंच एवं प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारीगण,शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। उत्साह, उमंग और देशभक्ति से भरी सांस्कृतिक संध्या ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को और अधिक गरिमामय एवं यादगार बना दिया।
