5 अक्टूबर से शुरू होगी जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता, 23 खेल विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे खिलाड़ी
दीपक कुमार, खगड़िया।

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों, खेल स्थलों, खिलाड़ियों की सुविधा और आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 8 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न खेल मैदानों एवं स्टेडियम में किया जाएगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार जिला स्तरीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, कराटे, कुश्ती, क्रिकेट, कबड्डी, शतरंज, योग, फुटबॉल, वुशु, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, हॉकी, साइकिलिंग, रग्बी, खो-खो, सेपकटकरा, तलवारबाजी एवं तीरंदाजी समेत कुल 23 खेल विधाओं में मुकाबले होंगे।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सभी निर्धारित प्रतियोगिताएं सुबह 10 बजे से शुरू होंगी। 5 अक्टूबर को एथलेटिक्स का आयोजन जेएनकेटी स्टेडियम, बैडमिंटन का इंडोर स्टेडियम तथा भारोत्तोलन, कराटे और कुश्ती के मुकाबले खेल भवन, खगड़िया में होंगे।
6 -7 अक्टूबर को क्रिकेट जेएनकेटी स्टेडियम में, जबकि कबड्डी, शतरंज, योग सहित अन्य प्रतियोगिताएं खेल भवन में आयोजित की जाएंगी। फुटबॉल के मुकाबले रेलवे खेल मैदान मानसी में होंगे। 7 और 8 अक्टूबर को भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा खेल स्थलों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।
