बंदियों से सीधे संवाद कर सुनी समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
दीपक कुमार, खगड़िया। जिलाधिकारी खगड़िया श्री विक्रम विरकर ने मंगलवार को जेल परिसर में बंदी दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
बंदी दरबार में बंदियों ने विभिन्न समस्याओं एवं अपने मामलों से संबंधित जानकारी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कारा परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कारा प्रशासन को व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन एवं बंदियों को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर जेल अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी सहित कारा प्रशासन एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

