उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा
दीपक कुमार खगड़िया। जिला प्रशासन, खगड़िया के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ सोमवार को जे.एन.के.टी. स्टेडियम, खगड़िया में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 05 से 08 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। उद्घाटन जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने किया। मौके पर डीडीसी श्रेया श्री, एडीएम-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मो. जियाउर रहमान, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार गोंड, जिला कल्याण पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी घनश्याम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक चतुरानंद यादव ने किया।

उद्घाटन के बाद जिला प्रशासन की ओर से टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने एकल नृत्य, समूह नृत्य एवं समूह गायन की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। एकल नृत्य में लाल बाबू बालिका इंटर विद्यालय, सामूहिक नृत्य में ग्रीन लैंड बोर्डिंग स्कूल तथा समूह गायन में डीएवी पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
एकल नृत्य में किडजी प्ले स्कूल, जबकि समूह नृत्य में जवाहर नवोदय विद्यालय एवं केजीबीवी चौथम की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। एकल नृत्य में इंटर विद्यालय मेहसौड़ी तथा समूह नृत्य में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय चंद्रनगर एवं बाबू मध्य विद्यालय बलुआही की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को वरीय पदाधिकारियों ने प्रमाण पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रतिभागिता प्रमाण पत्र दिया गया। आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विमल कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी तेज नारायण राय, जिला परिवहन पदाधिकारी विकास कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विवेक सुगंध एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दूसरे दिन विभिन्न खेलों में 741 खिलाड़ियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को क्रिकेट अंडर-14 बालक, वुशु अंडर-19 बालक, कबड्डी अंडर-14, 17 एवं 19 बालिका, शतरंज अंडर-14, 17 एवं 19 बालक-बालिका तथा फुटबॉल अंडर-14, 17 एवं 19 बालक-बालिका वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिले के सभी प्रखंडों से करीब 741 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल एवं आयु वर्ग में भाग लिया।
वुशु अंडर-19 बालक वर्ग में 48 किलोग्राम से कम भार वर्ग में राजहंस कुमार केशरी तथा 70-75 किलोग्राम भार वर्ग में कुंदन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी के अंडर-14 बालिका वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कासिमपुर की टीम विजेता तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेलदौर की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 में उत्क्रमित उच्च विद्यालय चंद्रनगर विजेता और कोशी इंटर विद्यालय बेलदौर उपविजेता बना। अंडर-19 बालिका वर्ग में सीएस प्लस-2 विद्यालय माड़र विजेता तथा इंटर विद्यालय रामगंज संसारपुर उपविजेता रहा।
फुटबॉल में मानसी और खगड़िया का दबदबा

फुटबॉल अंडर-14 बालक वर्ग में मानसी प्रखंड विजेता और खगड़िया प्रखंड उपविजेता रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में खगड़िया प्रखंड विजेता तथा मानसी प्रखंड उपविजेता बना। अंडर-19 बालक वर्ग में चयन-ट्रायल के माध्यम से जिला स्तरीय टीम का गठन किया गया। वहीं अंडर-14 एवं अंडर-17 बालिका वर्ग में मानसी प्रखंड विजेता रहा।
क्रिकेट अंडर-14 बालक वर्ग में चयन-ट्रायल आयोजित कर जिला स्तरीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया।
शतरंज के बालिका वर्ग के सभी मुकाबले पूरे
शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग के सभी मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हुए। बालक वर्ग में तीनों आयु वर्गों के दो-दो राउंड खेले गए। शेष मुकाबले बुधवार को आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में वरीय उप समाहर्ता-सह-उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा प्रवीण कुमार ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों एवं विभिन्न खेल संघों के निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खेल प्रतियोगिता के संचालन में शशिकांत रंजन, मनोज कुमार, दीपक राठौर, राज कुमार, राकेश कुमार, परमानंद कुमार, सुनील कुमार एवं राजेश आनंद सहित शारीरिक शिक्षा शिक्षकों तथा चंदन कुमार, रौशन कुमार, मंकेश कुमार, शंकर कुमार सिंह, आदित्य कुमार, गुलशन कुमार, अभिषेक कुमार बिहार क्रिकेट संघ अम्पायर दीपक कुमार, मनोहर कुमार, खगड़िया जिला क्रिकेट संघ सचिव देवराज कुमार, जिला निर्णायक बिनोद जा, रजनीश कुमार, बीसीसीआई ए कोच करमवीर कुमार, खगड़िया जिला क्रिकेट संघ पूर्व सचिव सदानंद प्रसाद, विश्व जीत पिंचू गोपाल एवं सोनल महतो सहित खेल संघ से जुड़े निर्णायकों ने सहयोग किया।

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों के छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी और आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
