अमन कुमार की 85 रनों की विस्फोटक पारी से जेएनकेटी ने माही क्रिकेट क्लब को 108 रनों से हराया, बने मैन ऑफ द मैच
दीपक कुमार,खगड़िया, 28 अक्टूबर।
खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला सुपर डिवीजन क्रिकेट लीग सत्र 2026-27 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला बुधवार को सुबह आठ बजे जेएनकेटी स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली माही क्रिकेट क्लब की टीम और ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली जननायक कर्पूरी ठाकुर क्रिकेट क्लब (जेएनकेटी) की टीम आमने-सामने थीं। रोमांचक मुकाबले में जेएनकेटी क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए माही क्रिकेट क्लब को 108 रनों से पराजित किया।
टॉस जीतकर माही क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेएनकेटी क्रिकेट क्लब ने 34.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 225 रन बनाए। टीम की ओर से अमन कुमार ने 45 गेंदों पर 85 रनों की शानदार पारी खेली। प्रतीक ने 29 और सौरभ ने 15 रनों का योगदान दिया।
226 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी माही क्रिकेट क्लब की टीम जेएनकेटी के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और 22 ओवर में 117 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार जेएनकेटी क्रिकेट क्लब ने 108 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
जेएनकेटी की ओर से गेंदबाजी में केशन ने तीन विकेट, जबकि सत्यम और माज ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं, माही क्रिकेट क्लब की ओर से सौरभ और आदित्य ने तीन-तीन विकेट लिए।
मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए अमन कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव संतोष कुमार ने प्रदान किया।
इस अवसर पर खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के सचिव देवराज कुमार, उपाध्यक्ष बिनोद कुमार, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार, एनआईएस एवं बीसीसीआई लेवल-ए कोच करमवीर कुमार तथा लीग आयोजन समिति के सदस्य राजेश कुमार, बिहार क्रिकेट संघ के अंपायर दीपक कुमार सहित अन्य खेलप्रेमी उपस्थित थे।
मैच में अंपायर की भूमिका बिनोद झा और मनोहर ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में अंकुश और प्रिंस ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
