उत्कर्ष ने 130 रन बनाए, हेमंत ने 15 रन देकर झटके छह विकेट; त्रिवेणी क्रिकेट क्लब को 182 रनों से हराया
दीपक कुमार,खगड़िया, 26 अक्टूबर।
खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला सुपर क्रिकेट लीग के अंतिम लीग मुकाबले में लर्निंग क्रिकेट अकादमी, खगड़िया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए त्रिवेणी क्रिकेट क्लब, खगड़िया को 182 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबले में उत्कर्ष आनंद ने 130 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि हेमंत हिमांशु ने 15 रन देकर छह विकेट चटकाकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दोनों खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
उत्कर्ष आनंद ने खेली 130 रनों की विस्फोटक पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लर्निंग क्रिकेट अकादमी की टीम ने निर्धारित 35 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 309 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से उत्कर्ष आनंद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 130 रनों की शतकीय पारी खेली। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
उत्कर्ष के अलावा जतीन और शुभम ने 32-32 रन, आदित्य खुशी ने 31 रन तथा प्रिंस कुमार ने 17 रनों का योगदान दिया। बल्लेबाजों के सामूहिक प्रयास से लर्निंग क्रिकेट अकादमी ने 309 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।
त्रिवेणी क्रिकेट क्लब की ओर से करण कुमार ने चार विकेट हासिल किए, जबकि आशीष, प्रितिश और गौतम को एक-एक विकेट मिला।
हेमंत हिमांशु ने 6.2 ओवर में छह विकेट लेकर मचाया तहलका
310 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिवेणी क्रिकेट क्लब की टीम लर्निंग क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। हेमंत हिमांशु ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6.2 ओवर में महज 15 रन देकर छह विकेट झटके। उनकी सटीक और धारदार गेंदबाजी के सामने विपक्षी बल्लेबाज लगातार संघर्ष करते नजर आए।
हेमंत ने गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने महज सात गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
लर्निंग क्रिकेट अकादमी की ओर से हेमंत के अलावा हर्षित आनंद, नीरज और प्रिंस कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया। त्रिवेणी क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 21.2 ओवर में 127 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अंकित कुमार ने 18 रन तथा शुभम और प्रितिश ने 16-16 रनों का योगदान दिया। इस तरह लर्निंग क्रिकेट अकादमी ने 182 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।
उत्कर्ष और हेमंत को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच
उत्कर्ष आनंद की शानदार शतकीय पारी और हेमंत हिमांशु की छह विकेट की घातक गेंदबाजी मुकाबले के मुख्य आकर्षण रहे। दोनों खिलाड़ियों के मैच जिताऊ प्रदर्शन को देखते हुए मुख्य निर्णायक मनोहर कुमार एवं संदीप कुमार राज ने उन्हें संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
इस अवसर पर खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष विनोद कुमार, सचिव देवराज कुमार तथा बीसीसीआई एवं एनआईएस कोच करमवीर कुमार उपस्थित रहे। लर्निंग क्रिकेट अकादमी, खगड़िया के अध्यक्ष डॉ. कुमार देवव्रत ने टीम की शानदार जीत और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस जीत के साथ लर्निंग क्रिकेट अकादमी ने जिला सुपर क्रिकेट लीग के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
अगला मुकाबला
जिला सुपर क्रिकेट लीग में अगला मुकाबला जेएनकेटी क्रिकेट क्लब और डायमंड क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।
