रूपनगढ़ रोड की क्षतिग्रस्त पुलिया पर नवंबर के प्रथम सप्ताह में शुरू होगा डामरीकरण

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

पीडब्ल्यूडी ने ठेकेदार को रिस्क एंड कॉस्ट पर जारी किया कार्यादेश, भाजपा नेता महेंद्र पाटनी के प्रयासों के बाद कार्य शुरू होने की जगी उम्मीद

(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर/ /रूपनगढ़ रोड स्थित क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की पुलिया पर डामरीकरण का कार्य शीघ्र शुरू होगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता विशाल कुमार ने संबंधित कार्य के लिए मैसर्स श्री तेजा इंफ्रास्ट्रक्चर को रिस्क एंड कॉस्ट के आधार पर कार्यादेश जारी करते हुए नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में कार्य शुरू करवाने का भरोसा दिया है।

- Sponsored Ads-

भाजपा नेता महेंद्र पाटनी ने बताया कि राज्य सरकार के बजट वर्ष 2024-25 में किशनगढ़ के शहरी क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। जिला कलेक्टर, अजमेर की अनुशंसा पर नगर परिषद क्षेत्र में स्वीकृत पैकेज संख्या RJ-01-02/LSG/NP-KSG के अंतर्गत विभिन्न सड़क एवं अन्य विकास कार्य करवाए गए, लेकिन आरओबी की पुलिया पर डामरीकरण का कार्य लंबे समय से अधूरा था।

पाटनी ने बताया कि इस पैकेज में अंबेडकर सर्किल से बालाजी मंदिर तक सिटी रोड पर सीसी रोड सहित शहरी क्षेत्र के अन्य कार्य शामिल थे। आरओबी पर शेष रहे कार्य को पूरा करवाने के लिए पूर्व में कानपुर की फर्म मैसर्स तेजस रिसर्च एंड डेवलपमेंट तथा बाद में किशनगढ़ की जगदीश कंस्ट्रक्शन को कार्यादेश जारी किए गए थे। हालांकि, संबंधित फर्मों से कार्य पूरा नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि आमजन को क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण होने वाली परेशानी को देखते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से लगातार संपर्क कर शेष कार्य के लिए नई निविदा जारी करने तथा कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई। अब विभाग द्वारा रिस्क एंड कॉस्ट के आधार पर नई फर्म को कार्यादेश जारी किए जाने से डामरीकरण का रास्ता साफ हुआ है।

पाटनी ने बताया कि वे किशनगढ़ क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी के अधूरे, बंद पड़े तथा दोष दायित्व अवधि (डीएलपी) के दौरान क्षतिग्रस्त हुए विकास कार्यों को पूरा करवाने और उनकी मरम्मत कराने के लिए भी लगातार प्रयासरत हैं। इस संबंध में वे राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री दिया कुमारी सहित विभाग के उच्च अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराते रहे हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आरओबी की पुलिया पर डामरीकरण का कार्य निर्धारित समय पर शुरू होकर शीघ्र पूरा होगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment