दूसरे सेमीफाइनल में वाई.सी.सी. खगड़िया ने एलसीए को 12 रनों से हराया

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

राजा विशाल की अर्धशतकीय पारी बनी जीत की आधारशिला, 5 नवंबर को जे.एन.के.टी. क्रिकेट क्लब और वाई.सी.सी. खगड़िया के बीच होगा फाइनल

खगड़िया, दीपक कुमार। खगड़िया जिला क्रिकेट लीग सत्र 2026-27 के सुपर डिवीजन के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में वाईसीसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लर्निंग क्रिकेट एकेडमी (एलसीए) को 12 रनों से पराजित कर दिया। जेएनकेटी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के बीच अंत तक कड़ा संघर्ष देखने को मिला। जीत के साथ ही वाईसीसी ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

- Sponsored Ads-

राजा विशाल और राहुल ने संभाली वाईसीसी की पारी

टॉस जीतकर एलसीए ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईसीसी की टीम 34.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 213 रन बना सकी। टीम की ओर से राजा विशाल ने 48 गेंदों पर 50 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं राहुल ने 39 गेंदों पर 41 और सूरज ने 37 गेंदों पर 26 रन बनाए।

एलसीए की ओर से हर्षित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। आदित्य खुशी और आलोक ने दो-दो विकेट लिए।

शुभम की शानदार पारी के बावजूद लक्ष्य से चूकी एलसीए

214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलसीए की टीम ने मुकाबले को आखिरी तक रोमांचक बनाए रखा। टीम की ओर से शुभम ने 72 गेंदों पर 89 रनों की शानदार पारी खेली। राजकुमार ने 70 गेंदों पर 37 और जतिन ने 27 गेंदों पर 25 रन बनाए। हालांकि, अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके और एलसीए की टीम निर्धारित 35 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना सकी। इस तरह वाईसीसी ने 12 रनों से मुकाबला जीत लिया।

वाईसीसी की ओर से अनिकेत झा और आयुष ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि अमन को एक विकेट मिला। शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले वाईसीसी के राजा विशाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार खेल प्रेमी विद्यानंद जी ने प्रदान किया।

संघ के पदाधिकारी और अधिकारी रहे मौजूद

मैच के दौरान खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के सचिव देवराज कुमार, उपाध्यक्ष बिनोद कुमार, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार, एनआईएस एवं बीसीसीआई लेवल-ए कोच करमवीर कुमार, बिहार क्रिकेट संघ के अंपायर दीपक कुमार तथा टूर्नामेंट कमिटी के चेयरमैन सदानंद प्रसाद उपस्थित रहे।

मुकाबले में खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के अंपायर बिनोद झा और बिहार क्रिकेट संघ के अंपायर मनोहर कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि अंकुश ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली।

5 नवंबर को होगा खिताबी मुकाबला

खगड़िया जिला क्रिकेट लीग सत्र 2026-27 के सुपर डिवीजन का फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को जे.एन.के.टी. क्रिकेट क्लब खगड़िया और वाई.सी.सी खगड़िया के बीच खेला जाएगा। दूसरे सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर वाईसीसी ने खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है। अब क्रिकेट प्रेमियों को दोनों टीमों के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले का इंतजार है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment