राम रतन पहलवान, राम उदगार पहलवान, विवेक पहलवान सहित आयोजक मंडल के सदस्य हुए सम्मानित
कुश्ती के संरक्षण-संवर्धन और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से हुआ था महादंगल का आयोजन : किरण देव यादव

दीपक कुमार,अलौली (खगड़िया), 19 नवंबर 2026। कुश्ती कमेटी अलौली के बैनर तले महर्षि मेंही गुरुकुल परिसर में आयोजित ऐतिहासिक महादंगल की अपार सफलता के बाद सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता कुश्ती कमेटी के अध्यक्ष किरण देव यादव ने की, जबकि मंच संचालन गुरुकुल के निदेशक सुधीर भाई ने किया।

समारोह में बिहार केसरी राम रतन पहलवान, केसरी उदगार पहलवान एवं केसरी विवेक पहलवान सहित आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सदस्यों को अंगवस्त्र, पाग एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में पूर्व मुखिया गजेंद्र मंडल, पंच-सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कुश्ती कमेटी के अध्यक्ष किरण देव यादव, डॉ. जनार्दन यादव, राजदीप यादव, चीनी लाल यादव, राजकुमार यादव, कैलाश यादव, कमेटी के सचिव राकेश यादव, कमलेश यादव, डब्लू कुमार एवं विकास कुमार शामिल रहे। इस अवसर पर गुरुकुल के निदेशक सुधीर भाई को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी गईं।

समारोह को संबोधित करते हुए किरण देव यादव ने कहा कि 36 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अलौली की धरती पर पहली बार ऐतिहासिक एवं भव्य कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसे दस हजार से अधिक दर्शकों का भरपूर समर्थन और सराहना मिली। उन्होंने कहा कि विलुप्त होती जा रही कुश्ती प्रतियोगिता के संरक्षण एवं संवर्धन तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से महादंगल का आयोजन किया गया था।
उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल एक खेल या कला प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, शिक्षा, शिष्टाचार और संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ आपसी प्रेम, भाईचारा, शांति, सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।
श्री यादव ने महादंगल की ऐतिहासिक सफलता के लिए दर्शकों, अतिथियों, विधायक रामचंद्र सदा, अलौली के एसडीपीओ तथा आयोजन मंडल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद एवं साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों का इसी तरह समर्थन, सहयोग और सहभागिता मिलता रहा तो भविष्य में भी कई रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने विशेष रूप से सरविंद यादव, रणबीर कुमार, सिंटू कुमार, वरुण कुमार एवं नंदू यादव के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महादंगल के सफल आयोजन में इन सभी की भूमिका उत्कृष्ट एवं सराहनीय रही।
वहीं, पूर्व मुखिया गजेंद्र मंडल ने अपने संबोधन में अलौली के इतिहास और क्षेत्र में कुश्ती की पुरानी परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इस आयोजन को क्षेत्र की पारंपरिक खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

समारोह में उपस्थित लोगों ने कुश्ती कमेटी अलौली के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस पारंपरिक खेल को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया।
