बगहा:आस्था के 51 हजार दीपों से जगमगाया पक्की बावली मंदिर, वैवाहिक गीतों के बीच हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह–कथा-मटकोर से लेकर बारात और विवाह तक दो दिनों तक बगहा में दिखा मांगलिक उत्सव का माहौल, पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ विवाहोत्सव

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

बगहा:सनातन परंपरा में तुलसी और शालिग्राम का विवाह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण, पवित्रता और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जाता है। इसी आस्था और परंपरा को जीवंत करते हुए बगहा के पक्की बावली मंदिर परिसर में आयोजित तुलसी-शालिग्राम विवाहोत्सव ने पूरे नगर को मांगलिक रंग में रंग दिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में कहीं हल्दी और मटकोर की रस्मों की रौनक दिखी तो कहीं ढोलक की थाप पर गूंजते पारंपरिक विवाह गीतों ने माहौल को भावुक और उल्लासपूर्ण बना दिया। शुक्रवार को भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकली और 51 हजार दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच मां तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न हुआ।

शालिग्राम मंदिर से सजे-धजे स्वरूप में भगवान शालिग्राम की बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात में सैकड़ों की संख्या में नगरवासी और श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक उल्लास के बीच बारात हनुमान गढ़ी, गुदरी बाजार, बनकटवा और आर्यसमाज मंदिर रोड होते हुए नगर का भ्रमण कर शाम में पक्की बावली मंदिर परिसर पहुंची। यहां बारातियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। ऐसा लग रहा था मानो पूरा नगर किसी पारिवारिक विवाह समारोह में सहभागी बन गया हो।51 हजार दीपों से जगमगाया मंदिर परिसरबारात के स्वागत के बाद 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से बाबा विश्वम्भर नाथ महादेव और भगवान शालिग्राम मंदिर का परिसर आलोकित हो उठा।

- Sponsored Ads-

दीपों की कतारों के बीच श्रद्धालुओं ने आरती में हिस्सा लिया और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद पंडितों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया गया। पंकज मिश्रा सपत्नीक ने कन्यादान किया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक विवाह गीत गाए। मंगल गीतों से पूरा मंदिर परिसर वैवाहिक माहौल में सराबोर हो गया। विवाह की रस्मों में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।हल्दी और मटकोर से शुरू हुआ मांगलिक उत्सवविवाहोत्सव की शुरुआत गुरुवार की रात हल्दी, कथा और मटकोर की पारंपरिक रस्मों से हुई। ढोलक पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इसके बाद मिट्टी कोड़ाई और हल्दी चढ़ाने की रस्म पूरी की गई। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पारंपरिक गीतों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच ऐसा माहौल बना कि दो दिनों तक पूरा नगर विवाहोत्सव की खुशियों में डूबा रहा।आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेशतुलसी-शालिग्राम विवाहोत्सव धार्मिक मान्यता के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश देता है। तुलसी को भारतीय संस्कृति में पवित्रता, आरोग्य और समृद्धि का प्रतीक माना गया है, जबकि भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम की पूजा श्रद्धा और धर्म के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

मान्यता है कि देवउठनी एकादशी के अवसर पर होने वाला यह विवाह मांगलिक कार्यों की शुरुआत का संकेत देता है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, संस्कारों और सामूहिक सहभागिता से जोड़ने का भी माध्यम बनता है। पक्की बावली मंदिर में आयोजित इस उत्सव ने इसी सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर जीवंत कर दिया।आयोजन को सफल बनाने में कमेटी अध्यक्ष रूपेश तिवारी, रवि किरण गुप्ता, राकेश सिंह, मनोज सिंह सहित कमेटी के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment