बारात में आर्केस्ट्रा देखने को लेकर विवाद, दो पक्षों में जमकर मारपीट; एक दर्जन घायल
…..रत्नमाला मोड़ के पास परछावन के दौरान लाठी-डंडे से हमला, दो गंभीर घायलों को जीएमसीएच किया गया रेफर
बगहा:-शादी-विवाह में बारात के दौरान आर्केस्ट्रा देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। शुक्रवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 31 स्थित रत्नमाला मोड़ मिडिल स्कूल के समीप बारात परछावन के दौरान बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
सभी घायलों को इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार यादव ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल रत्नमाला निवासी अमन कुमार (25) और अजय यादव (55) की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया। घायलों में एक पक्ष के बनकटवा निवासी प्रीतम कुमार, शिवम कुमार, सुमित पटेल, अजीत पटेल और सुजीत पटेल शामिल हैं । वहीं दूसरे पक्ष से राजन यादव, हीरा यादव और मनोज कुमार समेत अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। सुजीत पटेल के अनुसार, बारात परछावन के दौरान उनके पुत्र प्रीतम के साथ कुछ युवक मारपीट कर रहे थे। उसे बचाने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। वहीं अजय यादव और राजन यादव का कहना है कि वे सड़क पर घायल पड़े युवकों को हटाने पहुंचे थे, तभी उन पर हमला किया गया। सूचना पर नगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की। एसडीपीओ निहार भूषण के निर्देश पर पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का भी जायजा लिया। दोनों पक्षों के फर्दबयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।
