हथुआ जंक्शन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव से लेकर सुबह इंटरसिटी चलाने तक उठाई आवाज, अधूरी रेल लाइन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग
मीरगंज (गोपालगंज)। गोपालगंज जिले के मीरगंज निवासी एवं समाजसेवी तथा लोकनेता आनंद कुमार सिंह ने क्षेत्र की रेल सुविधाओं में विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (DRM), वाराणसी को मांग-पत्र सौंपा है। उन्होंने गोपालगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं।
आनंद कुमार सिंह ने मांग की है कि हथुआ जंक्शन से होकर गुजरने वाली सभी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा करने में सुविधा मिल सके।उन्होंने पंचदेवरी से भटनी जंक्शन तक अधूरी रेल लाइन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की भी मांग की है।
इसके साथ ही ट्रेन संख्या 55036, 55037 एवं 55038 का परिचालन वर्तमान समय से एक घंटा पहले करने का आग्रह किया है।मांग-पत्र में पंचदेवरी से सोनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को भी एक घंटा पहले चलाने तथा थावे-हथुआ-सिवान होकर पटना के लिए सुबह एक इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग प्रमुखता से शामिल है।
आनंद कुमार सिंह ने कहा कि गोपालगंज और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग प्रतिदिन रोजगार, शिक्षा, व्यापार एवं चिकित्सा सहित विभिन्न कार्यों के लिए रेल यात्रा करते हैं। बेहतर रेल सुविधाएं मिलने से आम जनता को काफी राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने रेल प्रशासन से इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रस्ताव को रेलवे के उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का अनुरोध किया है।आनंद कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि रेल प्रशासन जनहित से जुड़ी इन मांगों पर सकारात्मक पहल करेगा, जिससे गोपालगंज एवं आसपास के क्षेत्र के रेल यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
