जनकपुर-अयोध्या नई ट्रेन का बगहा में ठहराव कराने की मांग, सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

— सुनील कुमार ने कहा- ठहराव होने से मजबूत होगी रामायण सर्किट की कड़ी, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

बगहा

- Sponsored Ads-

जनकपुर से अयोध्या तक चलने वाली नई ट्रेन संख्या 15595/15596 का ठहराव बगहा रेलवे स्टेशन पर कराने की मांग तेज हो गई है। वाल्मीकिनगर सांसद एवं लोकसभा में जदयू के मुख्य सचेतक सुनील कुमार ने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर बगहा स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।


शुक्रवार को भेजे गए पत्र में सांसद ने कहा है कि माता जानकी के मायके जनकपुर से भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या तक नई रेलगाड़ी का परिचालन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है। यह ट्रेन रामायण काल से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकती है। लेकिन बगहा स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से स्थानीय श्रद्धालुओं और यात्रियों को इसका सीधा लाभ नहीं मिल पाएगा।


सांसद ने पत्र में उल्लेख किया है कि बगहा के समीप महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि वाल्मीकि आश्रम और लव-कुश की जन्मस्थली स्थित है। इन स्थलों का भगवान श्रीराम और माता जानकी से पौराणिक एवं धार्मिक संबंध है। ऐसे में बगहा में ट्रेन का ठहराव होने से रामायण सर्किट की महत्वपूर्ण कड़ी और मजबूत होगी।


उन्होंने कहा कि ठहराव मिलने से देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को वाल्मीकिनगर, वाल्मीकि आश्रम और आसपास के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। सांसद की इस पहल से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि बगहा को धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने के साथ रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment