— गैरमजरूआ आम-खास, बेतिया राज और केसरे हिंद की जमीन का जुटेगा रिकॉर्ड, अतिक्रमण पर लगेगी रोक
बगहा
अनुमंडल क्षेत्र में सरकारी भूमि से जुड़े विवादों पर अंकुश लगाने और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से बचाने के लिए भूमि सुधार विभाग ने पहल तेज कर दी है। भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) सन्नी कुमार सौरव ने अनुमंडल के सभी सात अंचलों के अंचल अधिकारियों (सीओ) से सरकारी जमीन का विस्तृत ब्योरा और सूची मांगी है।
इस संबंध में सभी सीओ को निर्देश जारी किया गया है।निर्देश के तहत सभी अंचलों में सरकारी जमीन की श्रेणीवार सूची तैयार की जाएगी। इसमें गैरमजरूआ आम, गैरमजरूआ खास, बेतिया राज, केसरे हिंद समेत अन्य श्रेणियों की भूमि शामिल होगी। जमीन का खाता, खेसरा, रकबा, मौजा और वर्तमान स्थिति का पूरा विवरण उपलब्ध कराना होगा।प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य सरकारी भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना और अवैध कब्जे व हस्तांतरण पर रोक लगाना है।
अद्यतन सूची उपलब्ध रहने से भूमि विवादों की जांच और निपटारे में भी पारदर्शिता आएगी।डीसीएलआर सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि सभी सीओ से सरकारी जमीन का विस्तृत ब्योरा मांगा गया है। सूची मिलने के बाद भूमि की वास्तविक स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार अतिक्रमण हटाने और सरकारी संपत्तियों के संरक्षण के लिए कार्रवाई की जाएगी।
