— बगहा-2 प्रखंड के सभी हाईस्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ की बैठक, भवन, शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
बगहा
वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने बगहा-2 प्रखंड अंतर्गत सभी हाईस्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रभारियों के साथ बैठक कर विद्यालयों की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में विद्यालयों में भवन की उपलब्धता, शौचालय, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और बाउंड्री वॉल से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।विधायक ने प्रधानाचार्यों से विद्यालयों में छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के साथ शैक्षणिक गतिविधियों की भी जानकारी ली।
उन्होंने शिक्षकों की जिम्मेदारी, कार्यशैली और विद्यालयों में उनकी सक्रियता को लेकर भी चर्चा की। साथ ही छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने पर जोर दिया।
विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। बिहार सरकार भी इन दोनों महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से विद्यालयों में छात्रों की सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की अपील की।उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालन में प्रशासनिक स्तर पर आने वाली समस्याओं या अन्य किसी कठिनाई के समाधान के लिए वे हर संभव सहयोग को तैयार हैं। बैठक में बगहा-2 प्रखंड के सभी हाईस्कूलों के प्रधानाचार्य और प्रभारी उपस्थित रहे।
