–यूपी-बिहार सीमा पर दिल्ली कैंप के समीप जंगल में मिला शव, पहचान के लिए आसपास के थानों को भेजी गई तस्वीर
बगहा
बगहा के नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत यूपी-बिहार सीमा पर स्थित मदनपुर जंगल में शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
दिल्ली कैंप के समीप जंगल में शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रोशन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया। मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।
हालांकि, घटनास्थल पर उसकी पहचान से संबंधित कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रोशन ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव की तस्वीर आसपास के थाना क्षेत्रों में भेजी गई है।
इसके अलावा पुलिस अपने स्तर से भी महिला की पहचान कराने में जुटी हुई है।पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि महिला जंगल में कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। महिला की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई है या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
