जमुई: जिले भर में चलाया गया बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान, डीएम ने ने दिलाई सामूहिक शपथ। नुक्कड़ नाटक प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी।

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागी हुए सम्मानित

मृगांक शेखर सिंह/ जमुई

- Sponsored Ads-

जमुई में बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आज महिला एवं बाल विकास निगम,
के सौजन्य से जिला प्रशासन ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सामूहिक शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक प्रचार वाहन का शुभारंभ, चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का सम्मान तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन का संदेश दिया गया।


इस अवसर पर जिला संवाद कक्ष जमुई में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल विवाह के उन्मूलन की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने, इसके विरुद्ध समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करने तथा बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार एवं उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री बालमुकुंद एवं वरीय उपसमाहर्ता-सह-जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्री सावन ने नुक्कड़ नाटक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रचार वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्थानीय कला जत्था द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। इसके जरिए आम लोगों को बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों, इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा इसकी रोकथाम में आम नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।


इस अवसर पर विद्यालय स्तर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को जिला पदाधिकारी द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों एवं किशोर-किशोरियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए बाल विवाह के विरुद्ध संदेश प्रस्तुत किया। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें इस सामाजिक बदलाव का सक्रिय सहभागी बनाना है।


अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला मुख्यालय के साथ-साथ अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर भी व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं। जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, उच्च विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक किया गया। वहीं, सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।


अभियान के तहत विशेष रूप से चयनित पांच नारी अदालत पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जमुई प्रखंड की दौलतपुर पंचायत, सिकंदरा प्रखंड की इतासागर पंचायत, झाझा प्रखंड की बाराजोर पंचायत, सोनो प्रखंड की पैरामटिहाना पंचायत एवं खैरा प्रखंड की गोपालपुर पंचायत शामिल हैं। इन पंचायतों में विशेष ग्राम सभा एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी को रेखांकित किया गया। कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधियों, नारी अदालत की अध्यक्ष एवं सदस्यों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


इस अभियान का उद्देश्य बाल विवाह के विरुद्ध सामाजिक चेतना को मजबूत करना तथा इसकी रोकथाम के लिए प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, नारी अदालतों और आम नागरिकों के बीच समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके बेहतर भविष्य के लिए भी गंभीर चुनौती है। इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जागरूकता और सहभागिता आवश्यक है।


कार्यक्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री बालमुकुंद, वरीय उपसमाहर्ता-सह-जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्री सावन सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


जिला प्रशासन, जमुई की ओर से आम नागरिकों से अपील किया जाता है कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें तथा अपने आसपास होने वाले ऐसे आयोजनों को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं। अभिभावक अपने बच्चों की शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता दें और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को बढ़ावा न दें। बाल विवाह मुक्त जमुई का निर्माण केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प और सामूहिक जिम्मेदारी है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment