कचहरी रोड व सोनमंखी-गौशाला रोड में निर्माणाधीन नाले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

दीपक कुमार, खगड़िया।

नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र के कचहरी रोड एवं सोनमंखी-गौशाला रोड में बीयूआईडीसीओ की ओर से कराए जा रहे निर्माणाधीन नाला कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने खगड़िया लोकसभा के सांसद को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप करते हुए नाला निर्माण की उच्चस्तरीय एवं स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

- Sponsored Ads-

नगर सभापति का कहना है कि नाला निर्माण का उद्देश्य शहर की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर करना और जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत दिलाना है। ऐसे में सरकारी राशि से बन रही इस महत्वपूर्ण परियोजना में तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

बताया गया कि निर्माण कार्य को लेकर नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा की ओर से शिकायत किए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी स्थल निरीक्षण किया गया। एसडीएम धनंजय कुमार की अध्यक्षता में पुल निगम के कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग (RCD) के कार्यपालक अभियंता तथा नगर परिषद खगड़िया की कार्यपालक पदाधिकारी सिन्धु कमल की मौजूदगी में निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया गया।

नगर सभापति ने अपने पत्र में नाले के लेवल, एलाइनमेंट, कंक्रीट की गुणवत्ता और क्यूरिंग प्रक्रिया को लेकर जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि कुछ स्थानों पर निर्धारित अवधि के अनुरूप क्यूरिंग नहीं किए जाने तथा कंक्रीट में हनीकॉम्बिंग जैसी स्थिति दिखाई देने की शिकायत सामने आई है। हालांकि, इन बिंदुओं की वास्तविक स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

उन्होंने नाले की ढलान, गहराई, चौड़ाई और एलाइनमेंट की भी स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है, ताकि जलनिकासी प्रभावी ढंग से हो सके। साथ ही भविष्य में सड़क चौड़ीकरण की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण की तकनीकी योजना की समीक्षा करने की बात कही है।

नगर सभापति ने कहा कि उनका उद्देश्य विकास कार्य को रोकना नहीं, बल्कि उसे गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना है। यदि तकनीकी जांच में किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सांसद एवं प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर निर्माण कार्य में आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराने की अपील की है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment