खानपुर प्रखंड के अंतर्गत बागमती नदी में बने पुल के पहुंच पथ की मांग हुई तेज, किसानों ने विधायक को बुलाकर कराया स्थल निरीक्षण

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

अर्जुन कुमार झा:समस्तीपुर खानपुर प्रखंड के हांसोपुर गांव स्थित आरसीसी पुल के समीप मृत बागमती नदी के पश्चिमी छोर पर पहुंच पथ निर्माण की मांग को लेकर एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है।क्षेत्र के किसानों का कहना है कि केवल पहुंच पथ के अभाव में लगभग 10 हजार एकड़ कृषि योग्य उपजाऊ भूमि का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार मृत बागमती नदी पर बने आरसीसी पुल के बगल में गड्ढा होने के कारण खेतों तक पहुंचना काफी कठिन हो गया है।

परिणामस्वरूप हजारों एकड़ भूमि पर खेती करना किसानों के लिए चुनौती बन गया है। कई किसान अब पारंपरिक खेती छोड़कर भूमि पर पेड़-पौधे लगाने को मजबूर हो गए हैं, जबकि हरी सब्जियां, मक्का और गेहूं जैसी फसलें, जो कभी इस क्षेत्र की पहचान थी।अब किसानों को बाजार से खरीदकर लानी पड़ रही हैं।स्थानीय किसान लव कुमार ने बताया कि केवल पहुंच पथ नहीं होने के कारण करीब 10 हजार एकड़ कृषि योग्य जमीन प्रभावित है। उन्होंने कहा कि खेतों तक जाने के लिए गाछी होते हुए लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क पहले से मौजूद है, लेकिन पुल से उस सड़क को जोड़ने वाला पहुंच पथ नहीं होने के कारण किसानों का आवागमन बाधित रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे खेती का कार्य लगभग ठप पड़ जाता है।किसानों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को आवेदन देकर पहुंच पथ निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

- Sponsored Ads-

प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से किसानों में निराशा बढ़ रही है।समस्या की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने इसकी जानकारी क्षेत्रीय विधायक मांजरिक मृणाल को दी। सूचना मिलते ही विधायक हांसोपुर पहुंचे और किसानों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके की स्थिति का जायजा लिया।विधायक ने कहा कि किसानों की सुविधा और क्षेत्र के कृषि विकास के लिए पुल के पहुंच पथ का निर्माण आवश्यक है।

उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस विषय पर आवश्यक पहल करने तथा पुल को पहुंच पथ के माध्यम से कच्ची सड़क से जोड़ने की दिशा में कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पहुंच पथ बनने से हजारों एकड़ भूमि पर फिर से खेती शुरू हो सकेगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।स्थल निरीक्षण के दौरान मौजूद किसानों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया और जल्द से जल्द पहुंच पथ निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पहुंच पथ का निर्माण नहीं कराया गया तो क्षेत्र की कृषि व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।मौके पर उदय शंकर ठाकुर, सतेंद्र चौधरी,लव ठाकुर, लालबाबू ठाकुर,मोहन ठाकुर,कमलेश चौधरी, विकास ठाकुर,बबलू ठाकुर, मृत्युंजय शर्मा,निरंजन ठाकुर,गुलाब ठाकुर,सुमंत ठाकुर,गोविंद ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment