डॉo संजय (हाजीपुर)-‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत जिले के सभी विद्यालयों में विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रध्वज, राष्ट्रभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को अपनी कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत किया।
अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में चित्रकला, रंगोली एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने तिरंगा, स्वतंत्रता संग्राम, देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को केंद्र में रखते हुए आकर्षक चित्र एवं रंगोली तैयार किए। विद्यालय परिसर में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसकी गरिमा एवं सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।चित्रकला एवं अन्य गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
बच्चों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’, देशभक्ति, एकता एवं राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उसके निर्धारित नियमों की जानकारी भी दी गई।जिला पदाधिकारी,वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए विद्यालयों, पंचायतों, जीविका समूहों, विभिन्न विभागों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रीय पर्वों के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।
कल निकलेगी जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत 12 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ विद्यालयों-महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एवं गाइड, जीविका दीदियां, युवा संगठन एवं आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।तिरंगा यात्रा के माध्यम से जिलेवासियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा तिरंगा यात्रा को सफल एवं व्यापक जनभागीदारी वाला कार्यक्रम बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे 09 से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ फहराएं। साथ ही, कल आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनें।
