डॉo संजय (हाजीपुर)-‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत हाजीपुर में भव्य तिरंगा रैली एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति, एकता और सामाजिक जागरूकता के संदेश से ओत-प्रोत इस आयोजन में जिले के जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, भूतपूर्व सैनिकों, जीविका दीदियों, आशा कार्यकर्ताओं, एनसीसी कैडेट्स, नेहरू युवा केंद्र के युवाओं, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, मीडिया प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ अक्षयवट राय स्टेडियम, हाजीपुर में सामूहिक राष्ट्रगीत के गायन एवं गुब्बारों को आसमान में छोड़कर किया गया।
विधायक, हाजीपुर, अवधेश सिंह, विधायक, लालगंज,संजय सिंह, जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक, वैशाली, शुभांक मिश्रा (भा.पु.से.) ने संयुक्त रूप से तिरंगा एवं साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक, शुभांक मिश्रा (भा.पु.से.) ने स्वयं रैली का नेतृत्व किया। रैली अक्षयवट राय स्टेडियम से गांधी चौक होते हुए स्थानीय जी.ए. इंटर हाई स्कूल पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते छात्र-छात्राओं, युवाओं, जीविका दीदियों, भूतपूर्व सैनिकों एवं आम नागरिकों ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के वातावरण से सराबोर कर दिया। विधायक, हाजीपुर, अवधेश सिंह, विधायक, लालगंज, संजय सिंह, जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक, शुभांक मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।इस अवसर पर शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ‘हर घर तिरंगा’ थीम आधारित चित्रकला, निबंध, रंगोली, क्विज एवं प्रदर्शनी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी अनावरण किया गया।पुलिस अधीक्षक, वैशाली, शुभांक मिश्रा (भा.पु.से.) ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग और संघर्ष से प्राप्त हुई है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि अनेक पीढ़ियों के संघर्ष और बलिदान के बाद आज हमारा तिरंगा शान से लहरा रहा है। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और असंख्य बलिदानों का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान सुनिश्चित करे।जिला पदाधिकारी ने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक व्यक्ति को ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपना योगदान देना चाहिए। राष्ट्र के प्रति सच्ची श्रद्धा केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने में भी है।जिला पदाधिकारी ने इस अवसर पर ‘नशामुक्त वैशाली’ के निर्माण का भी आह्वान किया। उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा ही विकसित बिहार एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह किया कि हर घर तिरंगा के साथ हर घर नशामुक्ति का संदेश भी पहुंचाएं और नशे के विरुद्ध सामूहिक जन-जागरूकता अभियान को मजबूत करें।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक, लालगंज, संजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक है और यह हमें स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदान की याद दिलाता है। देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। विधायक, हाजीपुर, अवधेश सिंह ने कहा कि लंबे संघर्ष और हजारों वर्षों की गुलामी के बाद देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। हमें स्वतंत्रता के महत्व को समझना चाहिए तथा एकजुट होकर देश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अजय कुशवाहा, जिला अध्यक्ष, भाजपा वैशाली जिला,अवधेश सिंह, प्रतिनिधि, लोजपा, वैशाली जिला,कल्याणी कुशवाहा, भाजपा महिला मोर्चा, वैशाली जिला, मोनिका कुमारी, प्रतिनिधि, जदयू, वैशाली जिला, लालदेव राम, जिलाध्यक्ष, रालोसपा, वैशाली जिला, संजीव सिंह, लोजपा, जिला अध्यक्ष, वैशाली, प्रो. नीति सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता, रत्नेश्वर प्रसाद सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता; सुनील गुप्ता, व्यवसायी सह सामाजिक कार्यकर्ता , राम लक्षण प्रसाद चौरसिया, सेवानिवृत्त शिक्षक सह सामाजिक कार्यकर्ता तथा पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष, राम नरेश सिंह शामिल रहे।कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने स्वयं देशभक्ति गीत प्रस्तुत की जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह से भर गया। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के नारों के साथ कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
तिरंगा रैली ने न केवल स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत किया, बल्कि देशभक्ति, सामाजिक एकता, नशामुक्त समाज और जिम्मेदार नागरिकता का भी सशक्त संदेश दिया। जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित वैशाली के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
