वोट चोरी के खिलाफ 8 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन निकालेगा प्रतिरोध मार्च

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

बलुआही से समाहरणालय तक मार्च निकालने का निर्णय, घटक दलों के नेताओं ने बैठक में बनाई रणनीति

दीपक कुमार, खगड़िया।
बलुआही स्थित राजद कार्यालय में सोमवार को इंडिया महागठबंधन के घटक दलों की महत्वपूर्ण बैठक पूर्व खगड़िया लोकसभा प्रत्याशी संजय कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी 8 अक्टूबर को वोट चोरी के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकालने का निर्णय लिया गया। मार्च दोपहर 12 बजे गांधी पार्क, बलुआही से शुरू होकर समाहरणालय तक जाएगा।

- Sponsored Ads-

बैठक में नेताओं ने बताया कि यह कार्यक्रम इंडिया ब्लॉक के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत आयोजित किया जा रहा है। नेताओं ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन करने की बात कही।

बैठक में राजद जिलाध्यक्ष मनोहर यादव, राजद नेता चंदन सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. चंदन यादव, सुभाष रत्न, सीपीआईएम जिला मंत्री सुरेंद्र प्रसाद महतो, सीपीआई राज्य नेता प्रभाशंकर सिंह, सहायक जिला मंत्री रविंद्र यादव, भाकपा माले जिला सचिव शैलेंद्र वर्मा, सुभाष सिंह, आईआईपी जिलाध्यक्ष मनोज तांती, घनश्याम कुशवाहा सहित विभिन्न घटक दलों के नेता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान नेताओं ने दिल्ली में हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खगड़िया में प्रस्तावित कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा और प्रशासन से भी लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा है।

इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतिरोध मार्च को सफल बनाने की अपील की। वहीं, प्रस्तावित मार्च को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारी किए जाने की उम्मीद है।

हाल में इंडिया गठबंधन ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर देशव्यापी विरोध कार्यक्रम की घोषणा की है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment