खगड़िया। मानवता संरक्षण मंच, खगड़िया के द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार, 30 नवंबर को सदर अस्पताल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मंच स्थापना काल से ही सामाजिक सेवा, जरूरतमंदों के बीच भोजन एवं वस्त्र वितरण, रक्तदान तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज सेवा में सक्रिय है। द्वितीय स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन इसी सामाजिक प्रतिबद्धता की एक कड़ी है।
मंच के अध्यक्ष राजमणि श्रीवास्तव, सचिव डॉ. अमित आनंद, कोषाध्यक्ष संजीव प्रकाश, उपाध्यक्ष अरुण सिंह, संयोजक पप्पू ठाकुर एवं संजय मंडलोई, संगठन प्रभारी नीतीश आजाद, संयुक्त सचिव विकास मेहता तथा सेवा प्रभारी योगेश, रामप्रवेश, कृत मोहन, लालमोहन एवं विपिन सर सहित अन्य सदस्य शिविर की सफलता के लिए जुटे हुए हैं।
मंच की ओर से जिले के बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से शिविर में पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामूहिक सहभागिता से ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य को सफल बनाया जा सकता है।
‘रक्तदान महादान, जीवनदान’ के संदेश के साथ मानवता संरक्षण मंच ने जिलेवासियों से इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
