हाजीपुर। डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार की ओर से रविवार को हाजीपुर स्थित डिफेंस क्रिकेट अकादमी में बिहार दिव्यांग क्रिकेट टीम के चयन के लिए ओपन ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल का विधिवत उद्घाटन गुरुकुल विद्यापीठ, अंजानपीर, हाजीपुर के प्राचार्य संतोष मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर प्राचार्य संतोष मिश्रा ने ट्रायल में शामिल सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस ओपन ट्रायल में बिहार के विभिन्न जिलों से कुल 38 दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

ट्रायल का आयोजन बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर एवं मध्य बिहार संयोजक दीपक कुमार तथा डिफेंस क्रिकेट अकादमी के कोच कुमार विजय की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बिहार दिव्यांग क्रिकेट टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों की सूची जल्द ही जारी की जाएगी।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि चयनित टीम आगामी अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर 6 दिसंबर को सिवान में सिवान डॉक्टर्स इलेवन और सिवान जिले के सामान्य खिलाड़ियों के बीच आयोजित मैत्री मैच में हिस्सा लेगी।
इसके बाद बिहार की टीम 10 से 13 दिसंबर तक कटिहार जिले के आजमनगर में आयोजित ममता कप में चार राज्यों के बीच होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेगी। वहीं, 28 से 30 दिसंबर तक पश्चिम बंगाल में आयोजित त्रिकोणीय क्रिकेट श्रृंखला में भी बिहार की टीम अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता एवं सचिव रणजीत कुमार ने बताया कि बिहार में दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों की सूची जल्द प्रकाशित की जाएगी।
