–पड़ोसी खेत से अपने खेत में आग फैलने की आशंका पर बुझाने पहुंचे थे 58 वर्षीय पंचानंद सरकार, मौके पर ही तोड़ा दम
बगहा
चौतरवा थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के समीप खेत में लगी आग बुझाने के दौरान झुलसकर एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान परसौनी निवासी 58 वर्षीय पंचानंद सरकार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, खेत में आग लगी देखकर पंचानंद सरकार उसे बुझाने पहुंचे थे। उन्हें आशंका थी कि पड़ोसी खेत में लगी आग उनके खेत तक फैल सकती है और इससे उनकी फसल को नुकसान पहुंच सकता है। इसी को देखते हुए वे आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान अचानक आग की लपटों की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
आग की चपेट में आने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौतरवा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
पराली और गन्ने की सूखी पत्तियों में आग लगाने पर रोक बेअसर
गौरतलब है कि प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र में पराली और गन्ने की सूखी पत्तियों में आग लगाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। खेतों में लगाई जा रही आग से फसलों के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, आग बुझाने के प्रयास में लोगों की जान पर भी खतरा बना हुआ है।
इसके बावजूद कृषि विभाग की ओर से प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। किसान की मौत की इस घटना ने खेतों में आग लगाने की प्रवृत्ति पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत को फिर उजागर कर दिया है।
