पुष्कर मेलाः सजे-धजे ऊंटों ने खींचा पर्यटकों का ध्यान, शृंगार प्रतियोगिता में 6 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/ अजमेर/ राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इन दिनों पशुओं से जुड़ी प्रतियोगिताओं के साथ ग्रामीण संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। बुधवार को मेले में ऊंट शृंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 6 प्रतिभागियों ने अपने सजे-धजे ऊंटों के साथ हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में रंग-बिरंगे गोरबंद, पारंपरिक आभूषण और आकर्षक सजावटी सामान से सजे ऊंट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। मैदान में एक से बढ़कर एक खूबसूरती से सजाए गए ऊंट नजर आए। उनके पारंपरिक श्रृंगार को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।

- Sponsored Ads-

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे ऊंट पालकों ने बताया कि ऊंटों का श्रृंगार करने में काफी मेहनत और समय लगता है। इसके लिए कई दिन पहले से तैयारियां शुरू करनी पड़ती हैं। ऊंट की प्रकृति और उसके शरीर के अनुरूप सजावटी सामान तैयार किया जाता है, ताकि शृंगार आकर्षक होने के साथ ही ऊंट को किसी तरह की परेशानी भी न हो। गोरबंद, रंगीन धागों और पारंपरिक सजावटी वस्तुओं से ऊंटों को विशेष रूप दिया जाता है।

ऊंट पालकों के अनुसार, ऊंटों को सजाना केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राजस्थान की पुरानी परंपरा का हिस्सा है। इसके जरिए पशुओं के प्रति लगाव और उन्हें परिवार के सदस्य की तरह रखने की भावना भी दिखाई देती है।

पुष्कर मेले में आयोजित यह प्रतियोगिता ग्रामीण जीवन, पशुपालन और लोक संस्कृति को करीब से जानने का अवसर प्रदान करती है। मेले में आने वाले पर्यटक राजस्थान की उन परंपराओं से रूबरू होते हैं, जो आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में जीवंत हैं। पशुओं की सजावट और उनसे जुड़ी प्रतियोगिताएं मनोरंजन के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम भी करती हैं।

प्रतियोगिता के समापन पर सर्वश्रेष्ठ शृंगार करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर ऊंट पालकों में उत्साह देखने को मिला। रंगों, परंपराओं और पशुओं के प्रति प्रेम से सजी इस प्रतियोगिता ने पुष्कर मेले की रौनक बढ़ा दी।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment