सिवान। जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए एक स्वर्णिम अवसर का आगाज सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को होगा। जिला पदाधिकारी श्री विजय प्रकाश मीणा, भा.प्र.से., राजेंद्र स्टेडियम, सिवान में पूर्वाह्न 10 बजे विद्यालय वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
इस अवसर पर वे प्रतिभागी खिलाड़ियों को संबोधित भी करेंगे।कार्यक्रम में जिले के वरीय पदाधिकारीगण, प्रबुद्धजन, विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।विद्यालय वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को सामने लाना, उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करना तथा राज्य में समृद्ध खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।इस प्रतियोगिता में कुल 17 खेल विधाओं को शामिल किया गया है।
इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल, हैंडबॉल, भारोत्तोलन, कराटे, रग्बी, खो-खो, शतरंज, योग, कुश्ती, वुशु, हॉकी, ताइक्वांडो, क्रिकेट (बालक) एवं वॉलीबॉल शामिल हैं। इन खेलों के लिए तीन आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं—अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19। आयु की गणना का आधार 31 दिसंबर 2026 रखा गया है।विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया 21 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक पूरी की गई है।विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए जिले में कई प्रमुख खेल स्थलों का चयन किया गया है।
इनमें राजेंद्र स्टेडियम, सिवान; रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी, मैरवा; मैरीकॉम स्पोर्ट्स अकादमी, पंजवार, रघुनाथपुर; विज्ञानानंद केंद्रीय विद्यालय, चनौर तथा खेल भवन सह व्यायामशाला, सिवान शामिल हैं।यह प्रतियोगिता जवाहर नवोदय विद्यालय एवं केंद्रीय विद्यालयों को छोड़कर जिले के सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही है।
यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।जिले में इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता के माध्यम से सिवान की उभरती खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।
